अशुद्ध पेयजल, सफाई व सड़कों की समस्या को लेकर कांग्रेस पार्षदों का धरना 13वें दिन भी जारी
- पीएचई की पानी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग, नगर पालिका प्रशासन पर लगाए लापरवाही के आरोप
भारत सागर न्यूज/नागदा। नगर में लगातार हो रहे अशुद्ध एवं मटमैले पेयजल वितरण, साफ-सफाई व्यवस्था में कथित लापरवाही तथा जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर पालिका परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर किया जा रहा सांकेतिक धरना शुक्रवार को 13वें दिन भी जारी रहा। धरने के माध्यम से कांग्रेस पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की तथा जमकर नारेबाजी की।
13वें दिन धरने पर पार्षद रमाशंकर मालवीय के नेतृत्व में पार्षद प्रमोदसिंह चौहान, राजकुमार राठौर, सुरेन्द्र साहनी, पूर्व पार्षद कमलेश चावण्ड, नागरिक अधिकार मंच संयोजक अभय चौपड़ा, विनोद मेहरा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना स्थल पर पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार राठौर से नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ओपी गेहलोत ने चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर में अब साफ पानी की आपूर्ति की जा रही है, इसलिए आंदोलन समाप्त किया जाए। इस पर कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि यदि नगर में शुद्ध पानी की सप्लाई हो रही है तो पीएचई विभाग द्वारा कराई गई पानी जांच की रिपोर्ट आमजनता के बीच सार्वजनिक की जाए।
कांग्रेस पार्षदों का कहना था कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा रिपोर्ट सार्वजनिक करने में देरी किए जाने से संदेह की स्थिति बन रही है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि यदि पानी पूरी तरह पीने योग्य है तो रिपोर्ट सार्वजनिक करने में किसी प्रकार की हिचक नहीं होनी चाहिए। उनका कहना था कि रिपोर्ट में देरी से यह स्पष्ट होता है कि नगर में सप्लाई हो रहा पानी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है।
पार्षद प्रमोदसिंह चौहान ने कहा कि लगभग तीन माह बीत जाने के बाद भी नगर पालिका परिषद नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं करा पाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ए ग्रेड नगर पालिका होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पार्षद चौहान ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग 20 वर्षों से नगर पालिका में भाजपा का कब्जा होने के बावजूद पानी, सफाई और सड़कों जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेतागण बोलते थे कि नगर पालिका का वर्ष 2022 का चुनाव पानी के मुद्दे पर लडा गया था लेकिन चुनाव के चार वर्ष पूरे होने के करीब हैं और आज भी नगरवासियों को अशुद्ध पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।



Comments
Post a Comment