देवास के Amalatas Hospital में हंगामा: इलाज कराने पहुंचे गरीब परिवार से मारपीट का वीडियो वायरल, कई धाराओं में केस दर्ज
देवास जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। देवास-उज्जैन रोड स्थित ग्राम बांगर के अमलतास हॉस्पिटल में इलाज कराने पहुंचे एक गरीब परिवार के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
जानकारी अनुसार वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनपी थाने में गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, एक गरीब परिवार अपनी महिला मरीज को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा था। आरोप है कि इलाज के दौरान गलत तरीके से इंजेक्शन लगाया गया। जब परिजनों ने इस पर आपत्ति जताई, तो अस्पताल स्टाफ ने उनकी बात सुनने के बजाय अभद्रता शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि कथित रूप से मारपीट तक की नौबत आ गई।
वायरल वीडियो में अस्पताल कर्मचारी पीड़ित परिवार के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे है। पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें गालियां दी गईं और धमकाया भी गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिवार रोता-बिलखता रहा, लेकिन मदद के लिए कोई सामने नहीं आया। इस पूरे घटनाक्रम ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और मरीजों के प्रति व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि अमलतास हॉस्पिटल को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आगे क्या कार्रवाई होती है ? मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है।

Comments
Post a Comment