देवास में दर्दनाक हादसा: नर्मदा नदी में डूबने से 3 दोस्तों की मौत, एक युवक बचाया गया।
नर्मदा में दर्दनाक हादसा
भारत सागर न्यूज/देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले के राजौर गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। नर्मदा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से तीन दोस्त गहरे पानी में डूब गए, जबकि एक युवक की जान बचा ली गई। हादसा दोपहर करीब ढाई बजे का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त खातेगांव क्षेत्र से नर्मदा नदी घूमने पहुंचे थे। भीषण गर्मी के बीच सभी नदी में नहाने उतरे, लेकिन कुछ ही देर में वे गहराई वाले हिस्से में चले गए। अचानक चारों डूबने लगे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और नाविकों ने तुरंत नदी में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद चारों युवकों को करीब 15 फीट गहरे पानी से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक तीन दोस्तों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सनी, गोलू और आयुष के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 17 से 20 साल के बीच बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और खतरनाक जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।




Comments
Post a Comment