गौ सेवक की शिकायत पर पुलिस करेगी जांच, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दिया आवेदन
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र निवासी एवं गौ सेवा से जुड़े राजेंद्र वर्मा ने थाना सिविल लाइन में एक लिखित आवेदन देकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो की जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में राजेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया है कि भारत यादव नामक व्यक्ति ने उनके निवास पर पहुंचकर बिना अनुमति उनका एवं गौशाला का वीडियो बनाया और बाद में उसे फेसबुक पर प्रसारित कर दिया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में उनके संबंध में भ्रामक एवं तथ्यहीन बातें प्रस्तुत की गई हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है।
फरियादी के अनुसार वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां की गईं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को मानसिक एवं सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा वीडियो हटवाने की मांग की है।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार फरियादी द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन एवं लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच पूर्ण होने तक किसी भी पक्ष को दोषी मानना उचित नहीं होगा।





Comments
Post a Comment