महाकाल की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब: सावन के आठ दिनों में 29 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन, सवा दो करोड़ से ज्यादा का बिका लड्डू प्रसाद
भारत सागर न्यूज/उज्जैन /संजय शर्मा। पवित्र सावन महीने की शुरुआत के साथ ही धर्म की नगरी उज्जैन में शिवभक्तों का ऐसा ज्वार उमड़ा है कि हर कोई दंग रह गया है। बाबा महाकाल के दीदार के लिए उमड़ी भारी भीड़ ने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं और महज शुरुआती आठ दिनों में ही भक्तों की संख्या ने नया इतिहास रच दिया है। मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, 30 जुलाई से 6 अगस्त 2026 के बीच महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या 29,28,349 को पार कर चुकी है, जबकि इसी दौरान रिकॉर्ड 497 क्विंटल से अधिक लड्डू प्रसाद की बिक्री हुई है। सावन के पहले सोमवार यानी 3 अगस्त को तो रिकॉर्ड तोड़ते हुए अकेले एक दिन में 6,13,849 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। इस भारी भीड़ के बीच मंदिर प्रबंध समिति व्यवस्था संभालने में जुटी हुई है ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो।
महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष पलवाडिया ने विस्तार से बताते हुए कहा कि पिछले आठ दिनों में 29,28,349 से अधिक बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके है। उन्होंने आगे बताया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बहुत ही सुगमता से दर्शन लाभ मिल रहा है, जहाँ आम श्रद्धालु महज एक से सवा घंटे में दर्शन कर रहे हैं, वहीं 250 रुपये की रसीद के जरिए शीघ्र दर्शन करने वाले भक्तों को मात्र 20 से 25 मिनट में बाबा महाकाल के दर्शन हो रहे हैं। इसके अलावा भस्म आरती में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए चलित दर्शन व्यवस्था की गई है, साथ ही पीने के लिए आरओ वाटर और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर की विशेष व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
भीड़ के इस भारी दबाव के बीच महाकाल मंदिर में मिलने वाली प्रसाद की मांग भी आसमान छू रही है। 30 जुलाई से 6 अगस्त 2026 के दौरान लड्डू प्रसाद का कुल 497.439 क्विंटल विक्रय हुआ, जिससे मंदिर समिति को कुल ₹2,35,26,650 की बंपर आय प्राप्त हुई। अकेले 3 अगस्त को सर्वाधिक 77.360 क्विंटल लड्डू प्रसाद बिका। इसके साथ ही मंदिर की भोजनशाला में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भोजन प्रसादी का लाभ उठा रहे हैं, जिससे पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।



Comments
Post a Comment