विक्रम यूनिवर्सिटी में फीस और रिजल्ट का भूचाल: अभाविप का उग्र प्रदर्शन, कुलपति को देना पड़ा सफाई का अल्टीमेटम
भारत सागर न्यूज /उज्जैन/ संजय शर्मा। उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी और परीक्षा परिणामों में मची भारी गड़बड़ियों के खिलाफ अभाविप का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। छात्र-छात्राओं ने कुलपति कार्यालय के सामने जमीन पर बैठकर जमकर नारेबाजी की और सिस्टम की धज्जियां उड़ाईं। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पंद्रह हजार से फीस बढ़ाकर सीधे तीस हजार कर दी गई है, जबकि दूसरी तरफ सप्लीमेंट्री और गलत नंबरों के जाल में छात्रों का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। माधव साइंस कॉलेज के एक छात्र ने प्रैक्टिकल के अंक गायब होने की पीड़ा सुनाई, तो प्रशासन के होश उड़ गए।
छात्र संगठन के तेवर देख हिल प्रशासन बैकफुट पर आ गया और तीखे विरोध के बीच कुलपति अर्पण भारद्वाज को तुरंत दखल देना पड़ा। उन्होंने कबूल किया कि मानवीय भूल संभव है और छात्रों के हित में परिणामों की नए सिरे से समीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महाविद्यालयों के प्राचार्यों को साथ लेकर कॉपियों और अंकों की दोबारा जांच होगी तथा गड़बड़ी मिलने पर फौरन सुधार किया जाएगा।
अभाविप ने दो टूक चेतावनी देते हुए पंद्रह दिन के भीतर सभी समस्याओं के समाधान का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही नई शिक्षा नीति और ग्रेडिंग सिस्टम को लेकर कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने की मांग भी रखी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यूनिवर्सिटी प्रशासन इस तयशुदा डेडलाइन में छात्रों को न्याय दिला पाता है या कैंपस में फिर से कोई बड़ा बवंडर खड़ा होता है।



Comments
Post a Comment