गुना-राजस्थान सीमा के सुदूर गांव में प्रशासन की दस्तक.....!
कलेक्टर-एसपी ने किया सीमावर्ती ग्राम सोड़ा का निरीक्षण, दुर्गम स्थल तक पहुंचकर जानी ग्रामीणों की स्थिति।
भारत सागर न्यूज/गुना: गुना जिले के कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने रविवार को राजस्थान सीमा से लगे अत्यंत दुर्गम ग्राम सोड़ा का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। यह गांव पार्वती नदी की दो शाखाओं के बीच टापू के रूप में स्थित है, जहां तक पहुंचने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को कठिन और जोखिम भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजस्थान की सीमा में स्थित ग्राम कैलाशपुरी (तहसील छबड़ा) में स्थानीय निवासियों से भेंट कर ग्राम सोड़ा की सामाजिक और भौगोलिक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। ग्राम सोड़ा गुना जिले के ग्राम पाठी से लगभग 8 किलोमीटर तथा राजस्थान के ग्राम गोड़ियाचरण से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
गांव में कुल 70 परिवार पंजीबद्ध हैं, जिनकी जनसंख्या 345 है। वर्तमान में गांव में लगभग 125 लोग निवास कर रहे हैं, जबकि शेष लोग आजीविका के लिए राजस्थान के छबड़ा कस्बे और मोतीपुरा थर्मल पावर प्लांट के आसपास कार्यरत हैं।
यह भी पढे - गुना में शिक्षा के लिए ऐतिहासिक पहल......
मानसून के दौरान पार्वती नदी का जल स्तर बढ़ने पर यह गांव बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट जाता है। ग्राम पाठी की ओर से आने वाले मार्ग में नदी की तीन धाराएं आती हैं, जिससे संपर्क पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है।
कलेक्टर कन्याल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को संभावित समाधान खोजने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान संपर्कविच्छेद की स्थिति में शीघ्र राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए पहले से ही आवश्यक तैयारी की जाए। यह निरीक्षण प्रशासन द्वारा सीमावर्ती और दूरस्थ गांवों की वास्तविक स्थिति जानने और आवश्यक कदम उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
Comments
Post a Comment