देवास: सुभाष चौक पर दिनदहाड़े 6 लाख रुपये की चोरी, स्कूटी की डिग्गी से उड़ाया नकद
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास के सुभाष चौक क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी की डिग्गी से करीब 6 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित की पहचान महेश दास बैरागी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश दास बैरागी अल्केश्वरी माता मंदिर में पूजन-पाठ का कार्य करते हैं और उन्होंने अनुकूल नगर में एक मकान खरीदा है। मकान के बयाने के लिए उन्होंने सोमवार को अलग-अलग बैंकों से नकद राशि निकाली थी। सबसे पहले उन्होंने यूनियन बैंक, स्टेशन रोड से 2 लाख 80 हजार रुपये निकाले। इसके बाद समता सहकारी बैंक, अलंकार मार्केट से चेक के माध्यम से 3 लाख 20 हजार रुपये नकद प्राप्त किए।
पूरी नकद राशि उन्होंने अपनी एक्टिवा स्कूटी की डिग्गी में रखी और सुभाष चौक स्थित एक दुकान पर सामान खरीदने चले गए। इस दौरान स्कूटी बाहर खड़ी रही। खरीदारी के बाद वे सीधे घर पहुंचे, जहां डिग्गी खोलने पर उसमें रखा बैग और पूरी नकद राशि गायब मिली।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और चोरी की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।




Comments
Post a Comment