प्रत्येक शनिवार अवकाश के दिन भी होगी निगम की राजस्व वसूली
भारत सागर न्यूज/देवास। नगर निगम द्वारा राजस्व करों की वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। आयुक्त दिलीप कुमार ने निगम के वसूलीकर्ताओं के साथ-साथ उपयंत्रियों को भी अपने-अपने वार्डों में जलकर वसूली के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अवैध नल कनेक्शनों को वैध कराने हेतु यदि संबंधित व्यक्ति द्वारा निर्धारित राशि जमा नहीं की जाती है, तो नल कनेक्शन विच्छेद करने के साथ जुर्माने की राशि भी वसूल की जाएगी।शनिवार, अवकाश दिवस के बावजूद नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 17, 27 एवं 6 में जलकर वसूली अभियान चलाया गया। इस दौरान निगम टीम ने कुल 10 नल कनेक्शन विच्छेद किए।
वार्ड 17 में उपयंत्री जीवन रावत एवं उनकी टीम द्वारा 120 जलकर बकायादारों से संपर्क कर राशि जमा करने हेतु कहा गया। इस दौरान 6 बकायादारों के नल कनेक्शन विच्छेद किए गए। वहीं अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने की कार्रवाई में 3 जलकरदाताओं से राशि जमा कर नल कनेक्शन वैध किए गए।
इसी क्रम में वार्ड 27 में उपयंत्री दिनेश चौहान एवं टीम द्वारा 29 जलकर बकायादारों से संपर्क किया गया और उन्हें 2 दिवस के भीतर राशि जमा करने के निर्देश दिए गए। तय समय सीमा में राशि जमा नहीं होने पर नल कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड 6 में सहायक यंत्री सौरभ त्रिपाठी, उपयंत्री चंदन सोनी एवं टीम द्वारा बकाया जलकरदाताओं से लगभग 80 हजार रुपये की वसूली की गई। साथ ही 20 नल कनेक्शन विच्छेद किए गए तथा अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने की कार्रवाई भी की गई। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और बकायादारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





Comments
Post a Comment