अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम, मिश्रीलाल नगर में मचा हड़कंप
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास नगर निगम ने शनिवार को मिश्रीलाल नगर कैलादेवी मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अचानक पहुंची निगम टीम को देखकर क्षेत्र के दुकानदारों और अस्थायी व्यवसायियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निगम कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर रखे सामान, ठेला-गाड़ियों और अस्थायी गुमटियों को हटाते हुए कुछ सामग्री जब्त भी की।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही पूर्व पार्षद राजेश डांगी और पार्षद प्रतिनिधि रूपेश वर्मा मौके पर पहुंचे और आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि बिना पूर्व सूचना कार्रवाई करना उचित नहीं है तथा छोटे व्यापारियों को सामान समेटने का अवसर दिया जाना चाहिए।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई चयनात्मक रूप से की जा रही है, जबकि बड़े प्रतिष्ठानों द्वारा भी सड़क और पार्किंग पर अतिक्रमण किया गया है। वहीं निगम अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर आयुक्त के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई है।




Comments
Post a Comment