एम.पी.आई.एस.एस.आर. उज्जैन में 29 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी, वैश्विक भारत और युवा भारत पर होगा मंथन
भारत सागर न्यूज/उज्जैन। मध्यप्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस रिसर्च (एम.पी.आई.एस.एस.आर.), महाश्वेता नगर, उज्जैन के कॉन्फ्रेंस हॉल में 29 मार्च 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे से अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। यह आयोजन सोशल साइंस एंड मैनेजमेंट वेलफेयर एसोसिएशन, अंतर्राष्ट्रीय युवा आर्थिक परिषद तथा मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ आर्थिक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में होगा।
संगोष्ठी का मुख्य विषय “वैश्विक भारत : विकास और चुनौतियां” तथा “युवा भारत - विकसित भारत” रखा गया है। इसके अंतर्गत विभिन्न समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों, प्राध्यापकों और शोधार्थियों के बीच विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्य ब्रजेश उइके के अनुसार, संगोष्ठी में देश-विदेश से करीब 100 से अधिक प्राध्यापक एवं शोधार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम को तीन सत्रों में विभाजित किया गया है, जिनमें अलग-अलग विषयों पर गहन मंथन होगा।
संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों द्वारा शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह संगोष्ठी सामाजिक विज्ञान, प्रबंधन और समकालीन विकास के मुद्दों पर सार्थक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।




Comments
Post a Comment