सीमेंट प्लांट के 300 श्रमिकों की वापसी को लेकर देवास कलेक्ट्रेट मे दिया ज्ञापन




भारत सागर न्यूज/देवास। रीवा जिले के अल्ट्राटेक बेला सीमेंट प्लांट में 2 मार्च से निकाले गए लगभग 300 ठेका श्रमिकों की बहाली की मांग को लेकर कंपनी गेट के सामने धरना लगातार जारी है। इस आंदोलन का 28वां दिन रहा, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर, किसान, नौजवान तथा महिलाओं ने भाग लेकर एकजुटता दिखाई। 




धरना स्थल पर एक आमसभा आयोजित की गई, जिसमें ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व मध्य प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड हरिद्वार सिंह ने मुख्य रूप से श्रमिकों को संबोधित किया। उनके साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड संजय नामदेव भी उपस्थित रहे। 




सभा में रीवा जिला पंचायत सदस्य लालमणि त्रिपाठी, किसान नेता कॉमरेड गया प्रसाद मिश्रा, एटक यूनियन के उपमहासचिव कॉमरेड राम सरोज कुशवाहा एवं यूनियन अध्यक्ष कॉमरेड अरुण तिवारी ने भी अपने विचार रखे और श्रमिकों के संघर्ष को समर्थन दिया। 




धरना दे रहे श्रमिकों की मुख्य मांगों में निकाले गए सभी श्रमिकों को पुनः काम पर रखना, कॉलिंग सिस्टम को बंद करना, 8 घंटे की निर्धारित शिफ्ट लागू करना, अतिरिक्त समय के लिए दोगुना ओवरटाइम देना तथा सीमेंट बैच बोर्ड सेटलमेंट के तहत वेतन सुनिश्चित करना शामिल है। इसी क्रम में देवास में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड कैलाश सिंह राजपूत के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कॉमरेड बाबूलाल वागड़े, कॉमरेड सत्यवान पाटिल सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन