देवास में पेट्रोल संकट की अफवाह से हड़कंप, पंपों पर लंबी कतारें...
भारत सागर न्यूज/देवास। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की खबरों के बीच देवास में पेट्रोल और डीजल संकट की आशंका ने लोगों में घबराहट पैदा कर दी है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर बड़ी संख्या में लोग ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं, जिससे लंबी कतारें लग गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई पंपों पर घंटों तक लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ नागरिकों का कहना है कि ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है और यह स्थिति केवल अफवाहों के कारण बनी है।
बायपास क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति थोड़ी कम बताई जा रही है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। इसी बीच, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और देवास प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में किसी प्रकार का ईंधन संकट नहीं है।
उन्होंने बताया कि टैंकरों की आवाजाही में हल्की दिक्कत के कारण अस्थायी समस्या उत्पन्न हुई है, जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं और संयम बनाए रखें।




Comments
Post a Comment