इंदौर में आग का तांडव: बस पार्किंग में लगी भीषण आग, तीन बसें जलकर खाक, इलाके में मची दहशत...
भारत सागर न्यूज/इंदौर। इंदौर में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भंवरकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीन इमली इलाके में स्थित एक निजी बस पार्किंग में भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में इसकी ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। देखते ही देखते पार्किंग में खड़ी तीन बसें आग की चपेट में आ गईं और जलकर खाक हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही भंवरकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। आग लगने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी दमकल की पांच गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए, ताकि लपटों को आसपास खड़े अन्य वाहनों तक फैलने से रोका जा सके।फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।




Comments
Post a Comment