महिदपुर में बड़ी लापरवाही! आंगनवाड़ी में बांटी गई एक्सपायरी दवाइयां, विरोध करने पर ग्रामीणों से बदसलूकी
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले महिदपुर तहसील से एक बेहद चौंकाने वाला और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है।
ग्राम डेलची बुजुर्ग के नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में मासूमों और महिलाओं की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यहाँ कथित तौर पर एक्सपायरी डेट की दवाइयां बांटी जा रही थीं, और जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो अधिकारियों ने समाधान के बजाय दादागिरी दिखानी शुरू कर दी।
पूरा मामला तब उजागर हुआ जब आंगनवाड़ी से ग्रामीणों को फोन कर बुलाया गया कि विभाग के अधिकारी सकील मोहम्मद नागोरी निरीक्षण के लिए आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं को जो दवाइयां दी गईं, वे एक्सपायर हो चुकी थीं। जैसे ही ग्रामीणों ने दवाइयों की तारीख देखी और आपत्ति जताई, माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारी साहिल मोहम्मद नागोरी ने गलती मानने के बजाय ग्रामीण के हाथ से दवाइयां छीन लीं और उनके साथ बदतमीजी की। हद तो तब हो गई जब ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बड़े अधिकारी बीएमओ शोभना भाबर से फोन पर की। आरोप है कि बीएमओ ने भी समस्या सुनने के बजाय अपना रोब झाड़ा और कहा कि "आप कोई अधिकारी नहीं हो जो मुझसे बात कर रहे हो।" विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर डायल 100 और महिदपुर रोड थाना पुलिस को पहुंचना पड़ा।
अब सवाल यह उठता है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इसी तरह जनता की जान से खेलेंगे? और शिकायत करने पर क्या ग्रामीणों के साथ ऐसा दुर्व्यवहार उचित है? देखना होगा कि जिला प्रशासन इन लापरवाह अधिकारियों पर क्या कार्रवाई करता है।




Comments
Post a Comment