दशा माता पूजन के दौरान चेन स्नेचिंग करने वाली महिला गैंग का पर्दाफाश, महाराष्ट्र की चार महिलाएं गिरफ्तार
भारत सागर न्यूज/रतलाम। शहर में दशा माता पूजन के दौरान बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनने वाली महिला गैंग का पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के जलगांव की रहने वाली चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो फिलहाल इंदौर में ठिकाना बनाए हुए थीं।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कई चालें चलीं, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की सतर्कता के चलते उन्हें धार जिले की सीमा में पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार की है। हरदेवलाला पिपली क्षेत्र स्थित भैरव मंदिर में 74 वर्षीय सावित्री देवी पूजा कर रही थीं। इसी दौरान चार महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और मौका पाकर उनके गले से करीब तीन तोले सोने की चेन निकाल ली। हालांकि चेन का छोटा पेंडेंट सावित्री देवी की साड़ी में ही फंस गया था।
कुछ देर बाद जब सावित्री देवी को चेन गायब होने का अहसास हुआ तो उन्होंने अपनी बहू विद्या को बताया। विद्या ने बताया कि पूजा के दौरान चार अज्ञात महिलाएं उनकी सास के आसपास खड़ी थीं और बाद में उन्हें एक मैजिक वाहन में बैठकर जाते हुए भी देखा गया था।
वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए शहर के चार अलग-अलग स्थानों पर ऑटो बदले और फिर किराए की कार में बैठकर इंदौर की ओर निकल गईं। लेकिन कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की पहचान होने के बाद पुलिस ने शहरभर के फुटेज खंगाले और पीछा करते हुए धार जिले की सीमा में उन्हें धर दबोचा। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।




Comments
Post a Comment