देवास: गैस सिलेंडर संकट को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, “नरेंद्र की चाय की दुकान” बनाकर जताया विरोध
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर में रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडर की कथित कमी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जवाहर चौक स्थित मुख्य बाजार में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाया। कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से नाली में पाइप डालकर उसे गैस चूल्हे से जोड़ा और पास में “नरेंद्र की चाय की दुकान” लिखी तख्ती टांग दी। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के एक वायरल बयान पर तंज कसते हुए गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम ने कहा कि सरकार गैस की कोई कमी नहीं होने का दावा कर रही है, जबकि जमीनी स्थिति इससे अलग दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परिवारों को बुकिंग के 20 से 25 दिन बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि कमर्शियल सिलेंडर की कमी के कारण होटल और ढाबा संचालक भी प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






Comments
Post a Comment