कोटवारों का कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन, लंबित मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन




भारत सागर न्यूज/मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के 500 से अधिक कोटवारों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय तक मोर्चा निकालकर ज्ञापन सौंपा। 




जिला अध्यक्ष अंबाराम मालवीय ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से वर्दी, जूते, टॉर्च, बैटरी और बेल्ट के लिए मिलने वाली राशि का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि यह राशि सीधे कोटवारों के बैंक खातों में जमा कराई जाए।




ज्ञापन में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आदेशों का हवाला देते हुए वर्दी हेतु वार्षिक राशि लागू करने, सेवा निवृत्ति पर ₹1 लाख की सहायता राशि देने और वारिस को नियुक्ति देने की मांग रखी गई। 




इसके अलावा सीयूजी सिम, नियमित रिचार्ज, स्वास्थ्य बीमा, किसान कार्ड, सेवा भूमि पर नाम दर्ज करने और फसल पंजीयन की सुविधा प्रदान करने की मांग भी शामिल रही। 




कोटवारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।



Comments