महिला दिवस पर धाकड़ समाज की प्रतिभाओं का सम्मान, उज्जैन में नई पहल...
भारत सागर न्यूज/उज्जैन। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धाकड़ महासभा युवा संघ (जिला उज्जैन इकाई) द्वारा समाज की महिलाओं और बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए एक सराहनीय पहल की गई। कार्यक्रम के तहत उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाकर समाज का गौरव बढ़ाया है।
जिला अध्यक्ष नारायण मंडावलिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज की उन कर्मठ महिलाओं को मंच प्रदान करना है, जिन्होंने खेल, व्यवसाय, शासकीय सेवा और सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में समाज का नाम रोशन किया है, वहीं कुछ ने उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़कर स्वावलंबन का उदाहरण पेश किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि शासकीय सेवाओं में कार्यरत महिलाएं निष्ठापूर्वक समाज और देश की सेवा कर रही हैं, जबकि कई महिलाएं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर समाज को नई दिशा दे रही हैं।
अपने संबोधन में मंडावलिया ने कहा कि ऐसी प्रतिभाशाली महिलाओं के सम्मान से समाज के युवाओं में भी नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा। उनके संघर्ष और उपलब्धियां युवाओं को आगे बढ़ने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगी। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से नारायण मंडावलिया (जिला अध्यक्ष), नारायण मेहता, भरत कासनिया, रवि वरवनिया, श्यामजी खटोलिया, मुकेश मंडावलिया, भेरूलाल नंदेडा, मुकेश कासनिया, दिनेश वर्मा, अशोक सगीतला, भेरूलाल मंडावलिया, यशवंत मदारिया, घनश्याम नायमा, सत्यनारायण वाक्तरिया, नेहा धाकड़, रोशनी मंडावलिया और बद्रीलाल धाकड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। 🌸




Comments
Post a Comment