देवास के सोनकच्छ में भीषण आग: 4 झोपड़ियां जलकर खाक, व्यापारी के 7 लाख रुपए राख, कई परिवार बेघर
भारत सागर न्यूज/सोनकच्छ। शनिवार दोपहर देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के नेवरी फाटा इलाके में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने चार झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरा सामान जलकर राख हो गया।
इस हादसे में स्थानीय व्यापारी बाबूलाल नाथ को भारी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि उनके लगभग 7 लाख रुपये आग में जल गए। मौके से करीब ढाई लाख रुपये के अधजले नोटों की गड्डियां जरूर मिलीं, लेकिन वे अब उपयोग के लायक नहीं हैं।
आग की लपटों का असर पास स्थित खाटूश्याम मंदिर तक भी पहुंचा, जिससे मंदिर को आंशिक नुकसान हुआ है। हालांकि, झोपड़ियों में रहने वाले लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही देवास और सोनकच्छ से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाबूलाल नाथ हाल ही में महाराष्ट्र से व्यापार कर लौटे थे और घर में रखी रकम से कर्ज चुकाने की तैयारी कर रहे थे। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है। वहीं एक पड़ोसी परिवार की शादी की खुशियां भी इस हादसे में राख हो गईं। पीड़ित परिवारों के सामने अब जीवन यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।





Comments
Post a Comment