कूटरचित दस्तावेजों से जमीन नामांतरण का आरोप: भाई के खिलाफ तहसीलदार से जांच और कार्रवाई की मांग...



भारत सागर न्यूज/देवास। पारिवारिक संपत्ति को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां एक भाई ने दूसरे पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि अपने नाम कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में तहसीलदार को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। 




शहर के एमजी रोड निवासी जयप्रकाश विजयवर्गीय ने अपने सगे भाई राकेश विजयवर्गीय के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तहसीलदार को आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदन में बताया गया है कि ग्राम रूपाखेड़ी स्थित सर्वे नंबर 64 एवं 97 की करीब 3.60 हेक्टेयर कृषि भूमि, जो कि उनके पिता स्वर्गीय धूलमल विजयवर्गीय की संपत्ति है, अब तक तीनों पक्षों के बीच विधिवत बंटवारे में नहीं आई है।





जयप्रकाश विजयवर्गीय के अनुसार, उक्त संपत्ति का बंटवारा वसीयतनामे के अनुसार होना शेष है, जिसमें वे स्वयं, उनके भाई राकेश विजयवर्गीय और उनके दिवंगत भाई हरिओम विजयवर्गीय की पत्नी किरण शामिल हैं। इसके बावजूद आरोप है कि राकेश विजयवर्गीय ने बिना सहमति के अवैधानिक तरीके अपनाते हुए कूटरचित शपथ पत्र और बंटवारा विलेख तैयार करवाया।




आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन दस्तावेजों के आधार पर तहसील कार्यालय में प्रस्तुतिकरण कर राजस्व अभिलेखों में अकेले अपने नाम का नामांतरण करवा लिया गया। अब भाई उक्त भूमि को स्वयं का एकमात्र स्वामित्व बताकर विक्रय या अन्य प्रकार से हस्तांतरण करने की कोशिश कर रहा है।
जयप्रकाश विजयवर्गीय का कहना है कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि जमीन का सीमांकन भी कराया जा रहा है और बिक्री की तैयारी चल रही है। ऐसे में यदि समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो उन्हें गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जयप्रकाश ने बताया कि उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रतिपक्ष को वैधानिक नोटिस भी भेज दिया है और जल्द ही सिविल न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी है। साथ ही तहसीलदार से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध नामांतरण को निरस्त किया जाए और किसी भी प्रकार के विक्रय पर तत्काल रोक लगाई जाए।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा