जहां लोग कचरा फेंकते हैं, वहां ये बच्चे उगा रहे हैं ज़िंदगी”
भारत सागर न्यूज/नागदा। नागदा की अंजनी नगर बस्ती में एक छोटी-सी कक्षा जहाँ नि:शुल्क शिक्षा दी जाती है आज बड़े बदलाव की कहानी लिख रही है। Karavalambam Social Welfare Foundation के तहत पढ़ने वाले बच्चों ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जो हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दे।
जिन प्लास्टिक बोतलों और डिब्बों को आमतौर पर कचरा समझकर फेंक दिया जाता है, उन्हीं को इन बच्चों ने अपने हाथों से खूबसूरत गमलों में बदला और उनमें पौधे लगाकर “ज़िंदगी” उगा दी।
इस पहल की खास बात यह रही कि बच्चों ने न सिर्फ यह काम सीखा, बल्कि उसके पीछे का संदेश भी समझा —
कि बदलाव बड़े कामों से नहीं, बल्कि छोटी-छोटी सोच से शुरू होता है।
संस्था के संचालक अमन प्राजपत का कहना है,
“हम बच्चों को सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं दे रहे, बल्कि उन्हें यह सिखा रहे हैं कि वे अपने आसपास की समस्याओं का हल खुद कैसे बन सकते हैं। ये बच्चे आज पौधे लगा रहे हैं, कल समाज को नई दिशा देंगे।”
बच्चों का उत्साह देखने लायक था। किसी ने बोतल काटी, किसी ने रंग किया, तो किसी ने पौधे लगाए — और हर चेहरे पर एक ही खुशी थी कि उन्होंने कुछ अच्छा किया है।
यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि यह भी बताती है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कचरा भी एक नई शुरुआत बन सकता है।







Comments
Post a Comment