एनएचएम के 32 हजार संविदा कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन पर, 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी




भारत सागर न्यूज/देवास। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, मध्यप्रदेश (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) द्वारा जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा, स्वास्थ्य अधिकारी सहित समस्त तहसील कार्यालयों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई। 




संघ जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर ने बताया कि प्रदेशभर में लगभग 32 हजार संविदा कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कर्मचारियों के योगदान के कारण प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं, लेकिन कर्मचारियों की मांगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। संघ का आरोप है कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मांगों पर सहमति बनने के बावजूद एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। 




संघ ने प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री द्वारा की गई नियमितीकरण की घोषणा का क्रियान्वयन, एनपीएस एवं स्वास्थ्य बीमा का लाभ, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि, महंगाई भत्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के वेतन में पीबीआई का समायोजन, वेतन विसंगतियों का निराकरण, नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश तथा समान कार्य के लिए समान वेतन एवं सुविधाएं शामिल की हैं। संघ के अनुसार 25 से 27 मई तक कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। 29 एवं 30 मई को जिला कलेक्टर, सीएमएचओ और बीएमओ को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। 31 मई और 1 जून को जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों एवं मंत्रियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।




- 2 जून से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, 8 जून को भोपाल में घेराव

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो 2 जून से जिले के सभी संविदा कर्मचारी विभागीय ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके बाद 8 जून को प्रदेशभर के कर्मचारी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। 




संघ अध्यक्ष गुर्जर ने कहा कि यदि आंदोलन के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। कर्मचारियों ने सरकार से समय रहते मांगों का समाधान कर स्वास्थ्य सेवाओं में संभावित व्यवधान को रोकने की अपील की है। इस दौरान समस्त ब्लॉक अध्यक्ष सहित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।



Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा