आम श्रद्धालुओं की कतार में लगे कलेक्टर और प्रशासक: हरसिद्धि चौराहे से प्रवेश कर महाकाल मंदिर की दर्शन व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन में बाबा महाकाल के भक्तों को सुलभ और सुगम दर्शन कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी सिलसिले में आज कलेक्टर रोशन सिंह और मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने एक आम श्रद्धालु की तरह कतार में लगकर दर्शन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरी व्यवस्था को परखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर रोशन सिंह के साथ प्रशासक प्रथम कौशिक आज अचानक आम श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने हरसिद्धि चौराहा स्थित काउंटर पर अपने जूते उतारे और आम भक्तों की लाइन में शामिल हो गए। इसके बाद वे बड़ा गणेश मंदिर मार्ग से होते हुए मानसरोवर क्षेत्र पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आम कतार का हिस्सा बनते हुए अधिकारी फैसिलिटी टनल से गुजरे और गणेश मंडपम पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद पालकी हॉल मार्ग से बाहर निकलकर उन्होंने अपना निरीक्षण पूरा किया। इस पूरे मार्ग पर अधिकारियों ने जूता स्टैंड, पेयजल, मैटिंग, छायादार शेडिंग, साफ-सफाई, शीघ्र दर्शन काउंटर और लड्डू प्रसाद काउंटर की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और प्रशासक ने लाइन में लगे श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत की और मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर उनके अनुभव जाने, जिस पर श्रद्धालुओं ने भी सकारात्मक और सराहनीय प्रतिक्रिया दी। कलेक्टर ने सभी सेक्टर प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं, ताकि उज्जैन आने वाले हर भक्त को बाबा महाकाल के सुरक्षित और सुगम दर्शन हो सकें।




Comments
Post a Comment