शिप्रा बैराज का पानी मांगलिया को देने के विरोध में हस्ताक्षर अभियान तेज, तीसरे दिन नागरिकों ने जताया विरोध
भारत सागर न्यूज/देवास। नगर निगम द्वारा शिप्रा बैराज का पानी मांगलिया क्षेत्र को उपलब्ध कराने के प्रस्ताव के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पं. रितेश त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान लगातार गति पकड़ रहा है।
अभियान के तीसरे दिन शहर के नोवेल्टी चौराहे से हस्ताक्षर संग्रह का कार्य प्रारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर प्रस्ताव का विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नागरिकों ने चर्चा के दौरान कहा कि नगर निगम द्वारा लिया गया यह निर्णय शहर के हित में नहीं है।
उनका कहना था कि शिप्रा बैराज का पानी देवास की आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण है, ऐसे में इसे अन्य क्षेत्र को देने का निर्णय पुनर्विचार योग्य है। नागरिकों ने मांग की कि नगर निगम इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करे। अभियान का नेतृत्व कर रहे पं. रितेश त्रिपाठी ने बताया कि शहरभर में “शिप्रा बैराज का पानी मांगलिया को नहीं दें” विषय को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के माध्यम से आमजन की भावनाओं को एकत्र कर शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान में पूर्व महापौर प्रत्याशी विनोदिनी रमेश व्यास, संजय कहार, पूर्व पार्षद एवं उप नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र यादव ‘लल्ला’, पूर्व पार्षद एवं शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष कल्याण पवार, राजेश देवड़ा, नईम अहमद, देवेंद्र बाबा चौहान, दीपेश हरोड़े, जितेन बोडाना, गोविंद बोडाना, गौरव राठौर, अनुराग चौहान, नरेंद्र चौहान, जगदीश रैकवार, जगदीशचंद्र मालवीय, उमराव सिंह राठौड़ सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।





Comments
Post a Comment