सेवानिवृत्त इंजीनियर की संविदा नियुक्ति का विरोध, आयुक्त को सौंपा आवेदन
- युवा प्रतिभाओं को अवसर देने और संविदा नियुक्ति निरस्त करने की मांग,,,
भारत सागर न्यूज/देवास। नगर निगम देवास में आगामी जून माह में सेवानिवृत्त होने जा रहे इंजीनियर मुंशैयाद हाफी को पुनः दो वर्ष की संविदा नियुक्ति दिए जाने की संभावित तैयारी का विरोध शुरू हो गया है। हिन्दू जागरण मंच के विनोद पाठक एवं जागरूक नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त को आवेदन सौंपकर प्रस्तावित संविदा नियुक्ति को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम को वर्तमान समय में नई तकनीकों से परिचित, ऊर्जावान एवं युवा इंजीनियरों की आवश्यकता है। सेवानिवृत्ति के बाद किसी अधिकारी को पुनः संविदा पर रखने से नई प्रतिभाओं को अवसर मिलने में बाधा उत्पन्न होती है तथा विभागीय कर्मचारियों के मनोबल पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित इंजीनियर बढ़ती उम्र के कारण शारीरिक रूप से पूर्णतः सक्षम नहीं हैं और दृष्टि संबंधी समस्याओं के चलते फील्ड निरीक्षण एवं तकनीकी कार्यों के प्रभावी निष्पादन में कठिनाई हो सकती है।
ऐसे में उनकी संविदा नियुक्ति निगम के हित में नहीं होगी। आवेदकों ने निगम पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन एवं अन्य लाभ प्राप्त होते हैं, इसलिए उन्हें पुनः संविदा वेतन पर नियुक्त करना राजस्व पर अनावश्यक भार डालने जैसा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बार-बार सेवानिवृत्त अधिकारियों को संविदा पर रखने से विभागीय पदोन्नति की संभावनाएं प्रभावित होती हैं और अन्य योग्य कर्मचारियों में असंतोष की भावना पैदा होती है। साथ ही आधुनिक डिजिटल तकनीकों, ऑनलाइन टेंडरिंग एवं जीआईएस आधारित कार्यप्रणाली के प्रभावी संचालन के लिए नए और तकनीकी रूप से दक्ष अधिकारियों को अवसर दिए जाने की आवश्यकता बताई गई है। जागरूक नागरिकों ने आयुक्त से मांग की है कि जनहित, वित्तीय अनुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित संविदा नियुक्ति को निरस्त किया जाए तथा संबंधित पद पर किसी योग्य और युवा इंजीनियर की नियुक्ति की जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन मंत्री, संभागायुक्त उज्जैन, महापौर एवं नगर निगम सभापति को भी प्रेषित की गई है।



Comments
Post a Comment