महाकाल मंदिर में रील का नया विवाद: दिल्ली के प्रेमी जोड़े ने गणेश मंडपम में की सगाई, VIDEO वायरल होने पर मंदिर समिति ने लिया संज्ञान

- दिल्ली के प्रेमी जोड़े ने महाकाल मंदिर में की सगाई और गणेश मंडपम में पहनाई रिंग।




भारत सागर न्यूज/उज्जैन।
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में सोशल मीडिया रील बनाने का एक मामला सामने आया है, जिसने मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा छेड़ दी है। दिल्ली से आए एक युवक और युवती ने मंदिर परिसर में न सिर्फ वीडियो बनाया, बल्कि भगवान महाकाल के दर्शन के दौरान एक-दूसरे को रिंग पहनाकर सगाई की रस्म भी निभाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मंदिर समिति ने सख्त रुख अपनाया है।




गणेश मंडपम के पास पहनाई एक-दूसरे को रिंग -

दरअसल, यह मामला महाकाल मंदिर के नंदी हॉल के पास पहले बैरिकेड क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में युवक पहले युवती को रिंग पहनाता नजर आता है, जिसके बाद युवती भी युवक को अंगूठी पहनाकर सगाई की रस्म पूरी करती दिखाई देती है। वीडियो में दोनों श्रद्धालु प्रोटोकॉल वाले रास्ते से मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान दोनों हाथ पकड़कर मंदिर परिसर में पहुंचे और फिर दर्शन करते हुए रिंग एक्सचेंज किया।




'जब महाकाल राजी तो क्या करेगा काजी' -

यह वीडियो पुलकित मलहोत्रा और गिन्नी खंडूजा नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया था। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया- “जब महाकाल राजी तो क्या करेगा काजी”। सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि 24 घंटे के भीतर वीडियो को 8 लाख से ज्यादा लाइक मिल चुके थे।




मंदिर समिति ने हटवाया वीडियो -

वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष पलवड़िया ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। मंदिर प्रशासन ने यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने की कार्रवाई की।
प्राथमिक जांच में पता चला कि युवक-युवती को मंदिर में प्रवेश एक पुजारी के माध्यम से मिला था। वहीं वीडियो किसी सहायक द्वारा शूट किया गया बताया जा रहा है। मंदिर की आईटी शाखा द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।




युवक-युवती पर लगेगा प्रतिबंध -

मंदिर प्रशासन ने साफ किया है कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवक-युवती को महाकाल मंदिर में प्रवेश से प्रतिबंधित किया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन कराने वाले संबंधित लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल -

इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल एंट्री सिस्टम पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर परिसर में मोबाइल और वीडियो बनाने पर पहले से प्रतिबंध है, बावजूद इसके वीडियो शूटिंग कैसे हुई?
वीडियो में युवक-युवती वीआईपी प्रवेश द्वार से अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में यह भी सवाल उठ रहा है कि उन्हें प्रोटोकॉल के तहत प्रवेश मिला या किसी प्रभाव के जरिए वीआईपी रास्ते से एंट्री कराई गई।

मंदिर को ‘इवेंट स्पॉट’ बनाने की कोशिश पर नाराजगी -

महाकाल मंदिर समिति से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक आस्था के केंद्र को सोशल मीडिया कंटेंट और इवेंट स्पॉट की तरह इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थल की गरिमा से खिलवाड़ न कर सके

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा