ग्रीन आर्मी की पहल रंग लाई: जागरूक नागरिकों और देवास प्रशासन के संयुक्त प्रयास से 200 वर्ष पुराने बरगद को मिला नया जीवन
भारत सागर न्यूज/देवास। शहर की लगभग 200 वर्ष पुरानी प्राकृतिक धरोहर माने जाने वाला कलेक्टरेट कार्यालय के समक्ष विशाल बरगद का वृक्ष, जो रविवार को किसी कारणवश गिर गया था, अब दोबारा जीवन की ओर लौटता दिखाई दे रहा है। इस ऐतिहासिक वृक्ष को बचाने के लिए ग्रीन आर्मी एवं जागरूक नागरिकों ने तत्काल पहल करते हुए जिला प्रशासन एवं नगर निगम के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस पहल पर प्रशासन ने अभूतपूर्व संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप बरगद के वृक्ष को पुनः उसी स्थान पर स्थापित कर दिया। ग्रीन आर्मी द्वारा 23 जून को जिला कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कलेक्टर कार्यालय परिसर, एम.जी. अस्पताल परिसर, एम.जी. रोड क्षेत्र एवं स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर स्थित दशकों और शताब्दियों पुराने वृक्षों के संरक्षण की मांग की गई।
ज्ञापन में इन क्षेत्रों का ट्री सेंसस (Tree Census) कराने, तथा गिरे हुए बरगद के वृक्ष को बचाने के लिए विशेषज्ञों की सहायता लेने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। ग्रीन आर्मी के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अत्यंत सकारात्मक एवं संवेदनशील रुख अपनाते हुए सभी संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट आश्वासन दिया कि कलेक्टर कार्यालय परिसर, एम.जी. अस्पताल परिसर, स्वास्थ्य विभाग की भूमि तथा एम.जी. रोड क्षेत्र में स्थित एक भी वृक्ष नहीं काटा जाएगा।
इसी प्रकार नगर निगम आयुक्त दलीप सिंह ने भी पूरे अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निर्देश पर उज्जैन से वृक्ष विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने लगभग 200 वर्ष पुराने बरगद के वृक्ष को जीवित रखने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय सुझाए। प्रशासन ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में बरगद के वृक्ष को पुनः उसी स्थान पर सावधानी पूर्वक खड़ा किया तथा उसकी जड़ों के चारों ओर वैज्ञानिक तरीके से मिट्टी का भराव किया। विशेषज्ञों के अनुसार नियमित देखभाल से इस ऐतिहासिक वृक्ष के पुनर्जीवित होने की अच्छी संभावना है।
नगर निगम आयुक्त दलीप सिंह ने यह भी आश्वासन दिया कि बरगद के समीप बनने वाली नाली के मार्ग में आवश्यक परिवर्तन किया जाएगा, ताकि भविष्य में वृक्ष की जड़ों को किसी प्रकार की क्षति न पहुँचे और उसका प्राकृतिक विकास सुरक्षित रह सके। ग्रीन आर्मी ने जिला कलेक्टर ऋतुराज सिंह, नगर निगम आयुक्त दलीप सिंह, जिला प्रशासन, नगर निगम तथा इस अभियान में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
ज्ञापन में कलेक्टर कार्यालय परिसर, एम.जी. अस्पताल परिसर, एम.जी. रोड क्षेत्र एवं स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर स्थित दशकों और शताब्दियों पुराने वृक्षों के संरक्षण की मांग की गई। ज्ञापन में इन क्षेत्रों का ट्री सेंसस (Tree Census) कराने, विकास कार्यों के दौरान वृक्षों की जड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, क्षतिग्रस्त जड़ों को सुरक्षित करने तथा गिरे हुए बरगद के वृक्ष को बचाने के लिए विशेषज्ञों की सहायता लेने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
ज्ञापन के दौरान प्रमुख रूप से कन्हैया निरंकारी, माखनलाल पटेल, अरुण लोधवाल, धर्मेन्द्र राठौर, यश पंचाल, भरत पाटीदार, ध्रुव जैन, प्रफुल विजय वर्गीय, चेतन जैन, सुनील वर्मा, रितेश त्रिपाठी, सादिक अली, निशित पटेल, धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह, अक्षत सिंह, समरजीत जाधव सहित ग्रीन आर्मी के अनेक कार्यकर्ता एवं जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।







Comments
Post a Comment