देवास जिला अभिभाषक संघ चुनाव 2026: रामप्रसाद सूर्यवंशी अध्यक्ष निर्वाचित
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास जिला अभिभाषक संघ चुनाव 2026 के नतीजे देर रात घोषित किए गए। परिणाम सामने आते ही न्यायालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ जोरदार जश्न मनाया।
सबसे चर्चित मुकाबला अध्यक्ष पद पर रहा, जहां रामप्रसाद सूर्यवंशी ने रोमांचक मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक वर्मा को 139 मतों से हराकर जीत दर्ज की। रामप्रसाद सूर्यवंशी को 374 मत मिले, जबकि अशोक वर्मा को 235 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबले में चंद्रपाल सिंह सोलंकी (छोटू) विजयी घोषित किए गए। उन्होंने गोविंद जोशी और रजनीश द्विवेदी को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की।
पुरुष उपाध्यक्ष पद पर विशाल तिवारी ने 240 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि चंद्रपाल सिंह राजपूत को 209 मत मिले। महिला उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद कांटे का रहा, जहां जयंती पुराणिक ने 412 मत हासिल कर आशा वर्मा को मात्र 10 मतों से पराजित किया। आशा वर्मा को 402 मत मिले।
इसके अलावा महिला कोषाध्यक्ष पद पर गीता शर्मा, पुस्तकालय सचिव पद पर विजय सोनी और सह सचिव (पुरुष) पद पर अशोक गुजराती विजयी रहे। चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 883 मतदाताओं में से 832 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।




Comments
Post a Comment