सिंहस्थ-2028 में आग बुझाने के लिए अब रोबोट और ड्रोन आएंगे काम, आधुनिक तकनीक से लैस होगी उज्जैन की फायर टीम




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । आगामी सिंहस्थ महाकुंभ-2028 को सुरक्षित और अग्निरोधी बनाने के लिए उज्जैन प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को दशहरा मैदान पर अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन का लाइव डेमो आयोजित किया गया, 




जिसमें कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की मौजूदगी में विशेषज्ञों ने अत्याधुनिक अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन किया। डॉ. पी.एस. राँहागडाले और उनकी टीम ने निगम के फायर फाइटर्स को सिखाया कि कैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों में रोबोट और ड्रोन की मदद से आग पर त्वरित काबू पाया जा सकता है।




​प्रदर्शन के दौरान मुख्य आकर्षण एटीवी (ऑल टेरेन व्हीकल) और क्यूआरवी (क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल) रहे, जो कम्प्रेस्ड एयर फोम सिस्टम (CAFS) से लैस हैं। ये वाहन उन तंग रास्तों और घाटों तक आसानी से पहुँच सकेंगे जहाँ बड़ी दमकल गाड़ियां नहीं जा सकतीं। इसके अलावा, अत्यधिक जोखिम वाले स्थानों के लिए रिमोट-कंट्रोल रोबोट को तैनात करने की योजना है, जिससे जानमाल का खतरा कम होगा। वहीं, यूएवी यानी ड्रोन तकनीक के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की रियल-टाइम निगरानी और थर्मल इमेजिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे आग की सटीक पहचान कर राहत कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी।




​नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि यह केवल सिंहस्थ की जरूरत नहीं, बल्कि उज्जैन शहर की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि मोबाइल और प्री-फैब्रिकेटेड कमांड सेंटर के जरिए आपात स्थिति में जरूरत के अनुसार संसाधनों को कहीं भी तेजी से स्थानांतरित और विस्तारित किया जा सकेगा। इस लाइव डेमो में अपर आयुक्त संतोष टैगोर, पवन कुमार सिंह, उपायुक्त मनोज मौर्य और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अब प्रशासन इन तकनीकों को सिंहस्थ की तैयारियों का मुख्य हिस्सा बनाने में जुट गया है, ताकि आने वाले समय में महाकुंभ का हर पहलू पूरी तरह सुरक्षित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा