"कुछ कदम आगे मौत खड़ी है..." नर्मदा घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्ड, प्रशासन अलर्ट..!
भारत सागर न्यूज/देवास| जिले के नेमावर में नर्मदा घाटों पर लगातार हो रहे हादसों के बाद अब पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आ रहे हैं। आगामी बारिश के मौसम और बड़े स्नान पर्वों को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
नेमावर के विभिन्न घाटों पर खतरनाक क्षेत्रों को चिन्हित कर पानी के भीतर बैरिकेडिंग लगाई गई है। साथ ही चेतावनी बोर्ड स्थापित किए गए हैं, जिन पर श्रद्धालुओं को सावधान रहने का संदेश दिया गया है। बोर्डों पर साफ तौर पर लिखा गया है कि कुछ कदम आगे जानलेवा गहराई हो सकती है और सावधानी ही सुरक्षा है।
दरअसल, नेमावर का सिद्धनाथ घाट प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान के लिए पहुंचते हैं। लेकिन नदी की अचानक बढ़ती गहराई कई लोगों के लिए जानलेवा साबित हुई है। आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में सिद्धनाथ घाट पर डूबने की घटनाओं में 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस द्वारा किए गए सर्वे में भैरव घाट को सबसे अधिक संवेदनशील पाया गया है, जिसके चलते वहां स्नान पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं सिद्धनाथ और नागर घाट पर सुरक्षित सीमा तय कर श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के आगे नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि सोमवती अमावस्या, भूतड़ी अमावस्या और अन्य बड़े स्नान पर्वों पर लाखों श्रद्धालु नेमावर पहुंचते हैं। ऐसे अवसरों पर पुलिस बल के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
बारिश का मौसम शुरू होने से पहले सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि घाटों पर लगाए गए चेतावनी संकेतों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



Comments
Post a Comment