ऑटो इंजीनियरिंग कंपनी में काम करने वाले युवक की मौत:परिजनों ने लापरवाही आरोप लगाया, कहा- घटना को छिपाने की कोशिश भी हुई।




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । उज्जैन के नीमनवासा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक ऑटो इंजीनियरिंग कंपनी में काम के दौरान घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि घटना को छिपाने की कोशिश की गई और बाद में समझौते के लिए मुआवजे का प्रलोभन भी दिया गया।




मृतक की पहचान सुनील सोलंकी (29) निवासी अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही कंपनी में नौकरी पर लगा था। रविवार रात को उसकी मौत हो गई। परिवार के मुताबिक 20 जून को दोपहर करीब तीन बजे कंपनी की ओर से फोन कर हादसे की जानकारी दी गई। जब परिजनों ने सुनील से बात कराने की मांग की तो उन्हें बताया गया कि उसकी हालत गंभीर है और वह बात करने की स्थिति में नहीं है। मृतक के मौसाजी रामप्रसाद राठौर का कहना है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने घटना को लेकर अलग-अलग जानकारी दी, जिससे परिवार को संदेह हुआ।



बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के ऊंचाई पर भेजने का आरोप -

परिजनों का आरोप है कि सुनील को पर्याप्त प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ऊंचाई पर काम करने भेजा गया था। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल हो गया।

सिर में गंभीर चोट, दिमाग में जमा था खून -

मृतक के भाई मनोज सोलंकी ने बताया कि हादसे के बाद सुनील को पहले एक अस्पताल ले जाया गया, जहां समय पर उचित उपचार नहीं मिला। बाद में उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच के दौरान सीटी स्कैन में सिर में गंभीर चोट और दिमाग में खून जमने की पुष्टि हुई। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर बेहतर इलाज मिलता तो उसकी जान बच सकती थी।

परिवार का सहारा था सुनील -

सुनील अविवाहित था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। उसके दो बड़े भाई रितेश सोलंकी और मनोज सोलंकी विवाहित हैं।

एक लाख रुपए देकर समझौते का आरोप -

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कंपनी की ओर से मामले को दबाने और समझौता करने के लिए एक लाख रुपए देने की पेशकश की गई थी। हालांकि परिवार ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया और न्याय की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच -

पंवासा थाना के प्रधान आरक्षक अब्दुल रहीम ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा