कॉलेज में एडमिशन के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, छात्र ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार




भारत सागर न्यूज/देवास। जिले के एक निजी कॉलेज पर एडमिशन और फीस के नाम पर कथित धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है। शाजापुर जिले के ग्राम झोकर निवासी छात्र कमलेश अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक देवास को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।




शिकायत के अनुसार, कमलेश ने करीब एक वर्ष पूर्व देवास स्थित एक कॉलेज में प्रवेश लिया था। प्रवेश के दौरान कॉलेज प्रबंधन द्वारा फीस जमा कराने के लिए कहा गया, जिसके तहत उन्होंने 1500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। छात्र का दावा है कि भुगतान एक महिला के खाते में कराया गया था, जो स्वयं को कॉलेज की शिक्षिका बताती थी। भुगतान संबंधी रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन का विवरण उसके पास मौजूद है।




पीड़ित छात्र का आरोप है कि फीस जमा करने के बावजूद एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो नियमित कक्षाएं संचालित की गईं और न ही परीक्षा या प्रवेश संबंधी स्पष्ट जानकारी दी गई। जब उसने कॉलेज प्रबंधन से जानकारी मांगी तो संबंधित महिला ने खाते में राशि प्राप्त नहीं होने की बात कही, जबकि भुगतान का प्रमाण छात्र के पास मौजूद है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसे एफआईआर कराने की धमकी दी जा रही है।




कमलेश ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उसकी छात्रवृत्ति किसी अन्य व्यक्ति के नाम से दर्शाई गई है। साथ ही आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन ने उसके दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक से संबंधित प्रक्रिया भी करवाई है। छात्र का कहना है कि उसके साथ प्रवेश और फीस के नाम पर धोखाधड़ी की गई है, जिससे उसे आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच किए जाने की संभावना है।
(नोट: शिकायत में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।)

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा