बारिश से पहले मां चामुंडा टेकरी की व्यवस्थाएं दुरुस्त हों, श्रद्धालुओं को मिले बेहतर सुविधाएं- सुधीर शर्मा




भारत सागर न्यूज/देवास। प्रदेशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र मां चामुंडा-तुलजा भवानी टेकरी पर हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले टेकरी पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए शेडों की मरम्मत और पाथवे के रखरखाव की जरूरत महसूस की जा रही है। वर्तमान में कई स्थानों पर व्यवस्थाएं जर्जर स्थिति में हैं, जिससे दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।




कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने चामुंडा प्रबंध संस्थान के अध्यक्ष एवं कलेक्टर ऋतुराज सिंह से मांग की है कि टेकरी पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से विकसित किया गया पाथवे आज देखरेख के अभाव में अपनी चमक खोता जा रहा है। समय रहते इसकी मरम्मत और सौंदर्यीकरण कराया जाना आवश्यक है, वहीं पाथवे मार्ग पर भी बारिश से बचाव हेतु शेड निर्माण किया जाए, 




शर्मा ने बताया कि टेकरी पर बारिश से बचाव के लिए लगाए गए अधिकांश शेड क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। स्थिति यह है कि हल्की बारिश होने पर भी श्रद्धालुओं को पर्याप्त आश्रय नहीं मिल पाता और उन्हें भीगते हुए दर्शन करने पड़ते हैं। कई शेडों की छतों से पानी सीधे नीचे गिरता है, जिससे उनका उद्देश्य ही समाप्त हो गया है।




उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया था, लेकिन अब तक प्रभावी सुधार नहीं हो सका है। आगामी बारिश को देखते हुए शेडों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा आवश्यकता अनुसार नए शेड भी बनाए जाएं, ताकि दर्शनार्थियों को बारिश और धूप से राहत मिल सके।




कांग्रेस नेता ने यह भी मांग की कि टेकरी परिसर और पाथवे के नियमित रखरखाव के लिए स्थायी कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे देवास की पहचान बने इस प्रमुख धार्मिक स्थल की गरिमा और आकर्षण बरकरार रहे तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।



Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा