गौसेवकों ने खोला मोर्चा: पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, लंबित मानदेय और गौशालाओं में नियुक्ति की उठाई मांग




भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा । अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता गौसेवक कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने लामबंद होकर प्रदर्शन किया। जिलेभर से आए गौ सेवक और मैत्री कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की और कलेक्टर व पशुपालन विभाग के उप संचालक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष हाकम सिंह पटेल ने बताया कि संगठन लंबे समय से अपने लंबित मानदेय और अन्य जायज समस्याओं के निराकरण की मांग कर रहा है, लेकिन लगातार की जा रही उपेक्षा के कारण अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है। मजबूरन सभी को सड़कों पर उतरकर प्रशासन को अपनी ताकत का अहसास कराना पड़ा।




​ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि 21वीं पशु संगणना में दिन-रात कार्य करने वाले गौ सेवक और मैत्री कार्यकर्ताओं के लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान किया जाए। इसके साथ ही एफएमडी टीकाकरण के चरण-6 व 7 और दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के पहले व दूसरे चरण का रुका हुआ मानदेय भी शीघ्र जारी हो। संगठन ने यह भी मांग उठाई है कि जिले की सभी सरकारी और निजी गौशालाओं में अनिवार्य रूप से गौ सेवक व मैत्री की नियुक्ति की जाए, ताकि इन बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके और वे पूरी ऊर्जा के साथ काम कर सकें। प्रदर्शन के बाद पहुंचे कलेक्टर के प्रतिनिधि और उप संचालक ने संगठन से ज्ञापन लिया और जल्द ही उनकी सभी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार कर मानदेय जारी कराने का भरोसा दिया।




​कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पंचायत स्तर पर पशु संगणना, दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, बधियाकरण, पशुओं की टैगिंग और प्राथमिक उपचार जैसी कई महत्वपूर्ण विभागीय योजनाओं को धरातल पर उतारने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद विभाग उनके प्रति दोहरा रवैया अपना रहा है, जिससे जिलेभर के कार्यकर्ता खुद को मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। वे स्वरोजगार के तहत दिन-रात सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी बुनियादी जरूरतों और समस्याओं को हमेशा ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा