रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर पथराव; 7 घायल
भारत सागर न्यूज/देवास। देवास जिले के टोंकखुर्द में बीती रात रास्ते को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पथराव तथा लाठी-डंडे चलने लगे। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पक्ष द्वारा रास्ते में रेत डाली गई थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घर जाने के लिए वहां से गुजर रहा था। रेत पर पैर रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बड़े संघर्ष में बदल गया।
घटना में करीब सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और अमलतास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।




Comments
Post a Comment