बारिश में काल बना बिजली का तार:- दो बच्चों की जान बचाकर खुद बलि चढ़ा मसीहा, उज्जैन में मातम
भारत सागर न्यूज/उज्जैन/संजय शर्मा। शहर में शाम को हुई तेज बारिश और आंधी के दौरान बिजली विभाग की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। हरिफाटक मार्ग चौराहे के पास टूटा हुआ हाई वोल्टेज बिजली का तार सड़क पर साक्षात मौत बनकर बिछा हुआ था। इसी दौरान ग्राम तालोद का 35 वर्षीय आशिक पटेल अपनी बाइक से गुजर रहा था। बिजली के तार को सड़क पर पड़ा देख आशिक की नजर उस पर पड़ गई, लेकिन उस समय तक बहुत देर हो चुकी थी और करंट का दायरा बड़ा हो चुका था।
गंभीर हालात को भांपते हुए आशिक ने बिजली के झटकों की परवाह किए बिना बाइक पर सवार दो बच्चों को अपनी पूरी ताकत से धक्का देकर सुरक्षित कर लिया। बच्चों की जान तो बच गई, लेकिन इस जद्दोजहद में आशिक खुद करंट की चपेट में आ गया और तड़प-तड़प कर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक परिवार का एकमात्र सहारा था, जिसकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बिजली विभाग पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। शासन की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत की गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है और हर संभव मदद का भरोसा दिया है। हालांकि, इस हादसे ने शहर की लचर बिजली व्यवस्था और बारिश के दौरान बरती जा रही लापरवाही की पोल खोलकर रख दी है।



Comments
Post a Comment