सड़क हादसे में मृत महिला का शव 108 सेवा से निःशुल्क पहुंचाया गांव, जनरक्षक सेवा बनी सहारा

 




भारत सागर न्यूज/देवास। मप्र शासन की जनरक्षक सेवा केवल दुर्घटना में घायल लोगों की जान बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि दुर्भाग्यवश मृत्यु होने की स्थिति में जरूरतमंद परिवारों के लिए शव वाहन सेवा भी बड़ी राहत साबित हो रही है। ऐसा ही मानवीय उदाहरण 27 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के दौरान देखने को मिला। रक्षाबंधन के चलते सड़कों पर वाहनों की भारी आवाजाही के बीच कई दुर्घटनाएं हुईं। इसी दौरान बीएनपी थाना क्षेत्र के जामगोद में एक सड़क हादसे में शोभाबाई पति गणेश परमार निवासी घटिया, जिला उज्जैन गंभीर रूप से घायल हो गईं। 





उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम की 108 एंबुलेंस क्रमांक 1409 मौके पर पहुंची। ईएमटी बंशीलाल चौहान एवं पायलट लखन यादव ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद शोभाबाई को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका के परिजनों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने की जानकारी मिलने पर 108 एंबुलेंस स्टाफ ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। 




जिला प्रबंधक नीलेश चौहान ने मामले की जानकारी लेकर पोस्टमार्टम के बाद शासन द्वारा संचालित जय अम्बे 108 एंबुलेंस सर्विसेज की शव वाहन सेवा के माध्यम से मृतका के शव को उनके गांव घटिया, जिला उज्जैन तक निःशुल्क पहुंचाने की व्यवस्था की। इस कार्य में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी बैग एवं 108 एंबुलेंस के जिला प्रबंधन के बीच समन्वय रहा। शव वाहन से मृतका का शव गांव पहुंचाए जाने पर परिजनों ने जिला अस्पताल प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए शासन की यह निःशुल्क सेवा ऐसे कठिन समय में बड़ी राहत बनी।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा