शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संयुक्त मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन




भारत सागर न्यूज/देवास। शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर शिक्षक संगठनों के संयुक्त मोर्चा ने जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने ई-अटेंडेंस व्यवस्था तथा लंबे समय से शासकीय सेवा में कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी परीक्षा की पुनः अनिवार्यता संबंधी प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की। शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके बावजूद शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों के संबंध में ऐसी व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं, जिनसे शिक्षकों में असंतोष है।




संयुक्त मोर्चा ने मांग की कि विद्यालय में शिक्षक की उपस्थिति का निर्धारण केवल तकनीकी माध्यम से न किया जाए, बल्कि विद्यालयीन व्यवस्था एवं शिक्षक की वास्तविक उपस्थिति को आधार माना जाए। ज्ञापन में लंबे समय से शासकीय सेवा में कार्यरत एवं अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे शिक्षकों पर टीईटी परीक्षा की पुनः अनिवार्यता लागू करने के प्रस्ताव पर भी पुनर्विचार करने की मांग की गई। शिक्षकों ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों की कार्यक्षमता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।



5 सितंबर को विरध का निर्णय-

संयुक्त मोर्चा ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया कि यदि शिक्षकों की समस्याओं एवं मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक विरोध स्वरूप हाथ पर काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे तथा किसी भी प्रकार का शिक्षक सम्मान ग्रहण नहीं करेंगे। शिक्षकों ने शासन से मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा जताई। ज्ञापन का वाचन ज्योति वडेकर ने किया, जबकि उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार पुरुषोत्तम सिंह सिसौदिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर रजनीश पोरवाल, शेख साबिर, दिनेश चौधरी, अरुण मिश्रा, दुर्गेश जाजु, मतीन खान, अजय सिंह गौड़, लक्ष्मी माली, सुनील कुमावत, निर्मला सिंह, रागिनी त्यागी, निर्दोष तिर्की, संगीता राठौर, अनिता पंचोली, सुरेशचंद्र माली, जगदीश राठौर, अर्जुनसिंह मालवीय, दीपक वर्मा, सरदार सिंह मालवीय, जितेंद्र मालवीय, हजारीलाल चौहान, दशरथ सिंह पटेल, किशोर वर्मा, दिनेश परमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Comments

Popular posts from this blog

सतपुड़ा एकेडमी में हुआ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा