हॉकी के जादूगर को नमन, राष्ट्रीय खेल दिवस पर गूंजा हॉकी का जोश, मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि
भारत सागर न्यूज/देवास। हॉकी के जादूगर एवं पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देवास कॉरपोरेशन द्वारा भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन के दौरान हॉकी के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए मैदान पर हॉकी स्टिक एवं ताजे पुष्पों से आकर्षक संरचना भी बनाई गई। मुख्य अतिथि देवास कॉरपोरेशन अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौड़ एवं सचिन मनोज सिंह ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन एवं देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए खिलाड़ियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में देवास में हॉकी खेल को बढ़ावा देने तथा युवा प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए हॉकी कोच सुधीर टोप्पो का विशेष सम्मान किया गया। अतिथियों ने पुष्पहार पहनाकर एवं शॉल-श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान खेल क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान की सराहना करते हुए उन्हें युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं बड़ी संख्या में बाल एवं युवा हॉकी खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह ठाकुर, पंकज सिंह राणा, यशवंत डागोरे, अर्पणा तिवारी, असलम मंसूरी, सुमित कुजूर, सचिन काटना, अजय भूरिया, मनीष भूरिया, राजवीर चौहान एवं सुमित अटड़िया सहित अनेक खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। देवास कॉरपोरेशन अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौड़ एवं सचिन मनोज सिंह ने उपस्थित बाल खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें खेल के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत, लगन और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।



Comments
Post a Comment