मेरे गणेश, मिट्टी के गणेश कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
भारत सागर न्यूज/देवास। मेरे गणेश, मिट्टी के गणेश अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव मुख्य अतिथि एवं नगर निगम नेता सत्ता पक्ष मनीष सेन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने स्वयं मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यशाला के संस्था संयोजक एवं प्रशिक्षक आदित्य दुबे ने अतिथियों का स्वागत रुद्राक्ष की माला एवं हरिद्वार अर्धकुंभ का पवित्र गंगाजल भेंट कर किया। वहीं सभी अतिथियों का स्वागत पार्षद राजेंद्र ठाकुर ने केसरिया दुपट्टा पहनाकर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रायसिंह सेंधव ने कहा कि मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की पहल आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सुंदर प्रयास है।
ऐसे आयोजन बच्चों और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ सकारात्मक संदेश भी देते हैं। उन्होंने सभी से इको-फ्रेंडली गणेश उत्सव को बढ़ावा देने का आह्वान किया। विशेष अतिथि मनीष सेन ने कहा कि गणेश उत्सव हमारी आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। मिट्टी के गणेश बनाकर हम अपनी परंपरा का निर्वहन करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं। बच्चों और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यशाला में भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र नवगोत्री, नवीन सोलंकी, सुरेश सिलोदिया, पार्षदगण अजय तोमर, भूपेश ठाकुर, ऋतु संवनेर एवं राजेंद्र ठाकुर, भाजपा युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष नयन मित्तल एवं शौर्य सोलंकी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मिट्टी से गणेश प्रतिमा का निर्माण कर “मिट्टी के गणेश आस्था भी, पर्यावरण की रक्षा भी” के संदेश को आगे बढ़ाया। समापन अवसर पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों को इको-फ्रेंडली मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं भेंट की गईं।



Comments
Post a Comment