केडी गेट चौराहे पर गरजा नगर निगम का बुलडोजर: सिंहस्थ चौड़ीकरण की जद में आई बोहरा समाज की मस्जिद जमींदोज, मदीना मस्जिद पर माइक से ऐलान और विरोध
भारत सागर न्यूज/उज्जैन। आगामी सिंहस्थ 2028 को लेकर धर्म नगरी में सड़क चौड़ीकरण का महाअभियान अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है, जिसके चलते मंगलवार को केडी गेट चौराहे पर प्रशासन की जेसीबी का पंजा जमकर गरजा। मास्टर प्लान के तहत मार्ग को अठारह मीटर चौड़ा करने की इस योजना में बाधा बन रहे निर्माणों को हटाने की कार्रवाई के दौरान बोहरा समाज की कमरुबाग मस्जिद का करीब बीस फीट हिस्सा बुलडोजर से ढहा दिया गया। नगर निगम और पुलिस के भारी अमले की इस अचानक हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई।
कार्रवाई का दूसरा दौर तब गरमाया जब अमला ठीक सामने स्थित मदीना मस्जिद को हटाने पहुंचा। बोहरा मस्जिद की कार्रवाई के बाद जब प्रशासन मदीना मस्जिद का वह हिस्सा हटाने पहुंचा जो चौड़ीकरण की जद में आ रहा था, तो मुस्लिम समाज के लोग पहले तो इसका विरोध करने लगे। इसके बाद उन्होंने यह कहा कि वे तत्काल अपने हाथों से मस्जिद का वह हिस्सा हटा देंगे, लेकिन कुछ देर बाद ही वे इस बात से मुकर गए कि वे मस्जिद का हिस्सा नहीं टूटने देंगे। इसके बाद नगर निगम प्रशासन और अन्य निगम कर्मियों की टीम के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन अल्पसंख्यक समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मस्जिद तोड़ने के विरोध में आ डटे और महिलाएं केडी गेट चौराहे पर ही धरना देकर बैठ गईं।
माहौल को तनावपूर्ण होता देख समाज के लोगों द्वारा मस्जिद के माइक से ऐलान कर दिया गया कि सभी समाजजन यहां इकट्ठा हो जाएं और देर शाम सात बजे की नमाज के बाद भव्य विरोध प्रदर्शन करना है। साथ ही यह भी घोषणा की गई कि रात भी यहीं गुजारनी है और कोई कहीं नहीं जाएगा। माइक से किए गए इस ऐलान और घोषणाओं के वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। मौके पर तनावपूर्ण हालात को देखते हुए जीवाजीगंज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार बल तैनात रखा गया है। वहीं, नगर निगम भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि यह कार्रवाई मास्टर प्लान के तहत 18 मीटर चौड़ाई के दायरे में आने वाले वैध अतिक्रमण को हटाने के लिए की जा रही है, जिसके तहत पूर्व में ही सभी जरूरी नोटिस दिए जा चुके थे और इस पर कोई स्थगन आदेश नहीं है।



Comments
Post a Comment