इंदौर के गांधी हॉल में सजा ‘रंगों की उड़ान आर्ट फिएस्टा 2026’ का मंच, देवास की प्रतिभाओं ने जीते पुरस्कार


सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में देवास की नारी शक्तियों और विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, भाविनी कुंवर पवार ने पद्मावती के जौहर की प्रस्तुति देकर ट्रेडिशनल वॉक में हासिल किया प्रथम स्थान

देवास। इंदौर के ऐतिहासिक गांधी हॉल में ‘रंगों की उड़ान आर्ट फिएस्टा 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कला, संस्कृति और भारतीय परंपराओं को समर्पित इस आयोजन में बच्चों एवं महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं देवास से डॉ. ममता पवार उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही भारतीय कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को मंच प्रदान करना रहा। श्रीजी नारी शक्ति एवं शिक्षा विकास समिति की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजिका श्वेता जैन ने बताया कि आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर श्रीजी नारी शक्ति एवं शिक्षा विकास समिति की अध्यक्ष श्वेता जैन एवं आर्यन फाउंडेशन प्रोग्राम की अध्यक्ष ममता शर्मा के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। देवास से यूनाइटेड ब्यूरो ऑफ ह्यूमन राइट्स एंड क्राइम कंट्रोल की जिला अध्यक्ष डॉ. ममता पवार के मार्गदर्शन में देवास की नारी शक्तियों एवं विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ शील्ड प्राप्त की।

भाविनी ने पद्मावती के जौहर की प्रस्तुति से जीता प्रथम पुरस्कार

आयोजन का विशेष आकर्षण ट्रेडिशनल वॉक प्रतियोगिता रही। इसमें देवास के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा भाविनी कुंवर पवार ने रानी पद्मावती के जौहर का प्रभावशाली एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति को सराहना मिली और उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर शील्ड अपने नाम की।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में सैकड़ों प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

आर्ट फिएस्टा में ड्राइंग, पेंटिंग, डांस, सिंगिंग, फैंसी ड्रेस एवं ट्रेडिशनल वॉक सहित अनेक सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सैकड़ों बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए गए, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन में बिचौली, उज्जैन एवं देवास सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों और मातृशक्तियों ने भाग लिया।

इस आयोजन ने बच्चों और महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का एक सार्थक मंच प्रदान किया।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

रामघाट पर बड़ा हादसा टला: शिप्रा में डूब रहे राजस्थान के श्रद्धालु को जवानों ने बचा कर बड़ा हादसा टाल दिया है।

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा