क्षिप्रा नदी तट पर 15 व 16 नवंबर को होगा छठ पूजा का आयोजन, तैयारियों में जुटी सर्व कल्याण पूर्वांचल सेवा समिति
भारत सागर न्यूज/देवास। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर सर्व कल्याण पूर्वांचल सेवा समिति देवास द्वारा छिप्रा नदी तट पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। समिति सचिव महेंद्र यादव ने बताया कि आयोजन को लेकर समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं तथा पूजा स्थल को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। समिति के सदस्यों द्वारा क्षिप्रा नदी तट एवं पूजा स्थल पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत घाट की सफाई, आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता तथा व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि पूजा के दौरान किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति द्वारा छठ पूजा महापर्व कार्यक्रम 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा जो 16 नवंबर को सुबह तक चलेगा।
भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हैं। समिति अध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव, सचिव महेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष रणजीत सिंह ने श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों एवं नागरिकों से आयोजन में शामिल होकर छठ महापर्व की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।


Comments
Post a Comment