देवास में आरोग्यसखी परियोजना की पहल, 182 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मिला स्वास्थ्य-पोषण का लाभ, 43 के हीमोग्लोबिन स्तर में सुधार
देवास। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और मातृ-शिशु कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवास में किर्लोस्कर ब्रदर्स लिमिटेड एवं कर्वे इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस द्वारा संयुक्त रूप से आरोग्यसखी परियोजना संचालित की जा रही है। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत दिसंबर 2025 में शुरू हुई इस पहल के माध्यम से पालनगर, राजू नगर एवं महाकाल कॉलोनी क्षेत्र की 182 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता गतिविधियों का लाभ मिल रहा है। परियोजना के अंतर्गत अब तक 16 स्त्री रोग जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ आवश्यक दवाइयों का वितरण तथा रक्तचाप, रक्त शर्करा और हीमोग्लोबिन की जांच की जा रही है। इसके साथ ही माताओं और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए 125 शिशु देखभाल किट वितरित की जा चुकी हैं। महिलाओं में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयरन लीफ का वितरण, पोषण वाटिकाओं की स्थापना तथा पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। परियोजना की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि नियमित हीमोग्लोबिन जांच और अनुवर्ती देखभाल के माध्यम से 43 महिलाओं के हीमोग्लोबिन स्तर में सुधार दर्ज किया गया है। वहीं छह आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से समुदाय स्तर पर महिलाओं से नियमित संपर्क, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस पहल में किर्लोस्कर ब्रदर्स लिमिटेड की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती मोहिनी कुदरकर एवं देवास के कल्याण अधिकारी श्री मनोज जोशी का मार्गदर्शन और सहयोग मिल रहा है। वहीं कर्वे इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस के निदेशक डॉ. महेश ठाकुर के नेतृत्व में परियोजना प्रबंधक श्री एम.डी. जैद अत्तार तथा परियोजना समन्वयक श्री संदीप सिंह राजपूत एवं सुश्री अंजलि दुबे द्वारा परियोजना का संचालन एवं समन्वय किया जा रहा है। किर्लोस्कर ब्रदर्स लिमिटेड और कर्वे इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस की यह संयुक्त पहल सीएसआर के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रही है।

Comments
Post a Comment