शहीद पवन यादव के दोनों बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी इंदौर फिजिकल एकेडमी ने उठाई, 51 हजार की आर्थिक सहायता दी
स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक का खर्च उठाएगी एकेडमी, सेना में भर्ती होने तक भी करेगी हरसंभव सहयोग
देवास। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवान के परिवार के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की एक अनुकरणीय पहल सामने आई है। इंदौर फिजिकल एकेडमी ने देवास निवासी अमर शहीद पवन यादव के दोनों बच्चों के भविष्य को संवारने का संकल्प लेते हुए उनकी शिक्षा से लेकर भारतीय सेना में भर्ती होने तक की पूरी जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत एकेडमी ने शहीद के परिवार को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।इंदौर फिजिकल एकेडमी के संचालक जितेंद्र परवाल के नेतृत्व में एकेडमी की टीम शहीद पवन यादव के परिवार से मिलने पहुंची। यहां टीम ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान एकेडमी ने घोषणा की कि शहीद के दोनों बच्चों की स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक का संपूर्ण खर्च वहन किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रहने-खाने और भविष्य की अन्य आवश्यकताओं में भी आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।
एकेडमी ने यह भी संकल्प लिया कि दोनों बच्चों में से जो भी भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा करना चाहेगा, उसकी सेना में भर्ती होने तक की शारीरिक एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का पूरा खर्च एकेडमी उठाएगी।
एकेडमी के संचालक जितेंद्र परवाल ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि शहीद के परिवार के प्रति समाज की जिम्मेदारी निभाने का प्रयास है। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए एक जवान अपना सर्वस्व न्योछावर कर देता है। ऐसे में समाज का भी दायित्व है कि वह शहीद के परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहे। शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके परिवार को जीवनभर सम्मान और सहयोग मिलता रहे।
उन्होंने युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे शहीद परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं और उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह ठाकुर सहित इंदौर फिजिकल एकेडमी के सदस्य, स्थानीय ग्रामीण एवं शहीद के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने शहीद पवन यादव के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना व्यक्त की।
इंदौर फिजिकल एकेडमी की यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के परिवारों की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की भी है।
.jpg)
Comments
Post a Comment