आदित्य मिश्रा ने संभाला देवास एसपी का पदभार, माता टेकरी पर दर्शन कर लिया आशीर्वाद
देवास। देवास जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने प्रसिद्ध माता टेकरी पहुंचकर मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत एसपी आदित्य मिश्रा ने अपनी प्राथमिकताओं को लेकर कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा का अहसास कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन पुलिस की वर्दी से भयभीत होने के बजाय पुलिस को अपना मित्र समझें। पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास एवं सहयोग का वातावरण मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
पूर्व अधिकारियों के अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाएंगे
एसपी आदित्य मिश्रा ने कहा कि देवास जिले में पूर्व में पदस्थ पुलिस अधिकारियों द्वारा किए गए अच्छे कार्यों और सकारात्मक प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा। शासन की नीतियों एवं निर्देशों के अनुरूप सकारात्मक सोच के साथ जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सेवा करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा, पुलिस के प्रति विश्वास और बेहतर पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा। नवागत पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के पदभार ग्रहण करने के साथ ही देवास जिले में पुलिस प्रशासन की नई पारी की शुरुआत हुई है। अब जिलेवासियों को बेहतर कानून-व्यवस्था और जनहितैषी पुलिसिंग की उम्मीद है।

Comments
Post a Comment