एसबीआई ने जरूरतमंद छात्राओं को वितरित की साइकिलें, बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
भारत सागर न्यूज/देवास। बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के देवास क्षेत्र द्वारा सराहनीय पहल की गई। बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधि के अंतर्गत 12 नवंबर 2026 को जरूरतमंद एवं प्रतिभावान छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल सर्किल के महाप्रबंधक भरत कुमार मिश्रा ने छात्राओं को साइकिलें प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर एसबीआई देवास के क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना और उनकी शिक्षा की राह को आसान बनाना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा। साइकिल वितरण के दौरान छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। शासकीय सांदीपनि विद्यालय, बालगढ़ की कक्षा नौवीं की छात्रा पलक चौहान भी साइकिल पाकर बेहद खुश नजर आई। भारतीय स्टेट बैंक की यह पहल सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के साथ ही बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Comments
Post a Comment