वन अपराधियों के हमलों से निपटने में अब अधिक दक्ष होंगे वनकर्मी, उज्जैन में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू



पुलिस और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय के उद्देश्य से पहल, देवास सहित तीन वन मंडलों के 27 वनकर्मी ले रहे प्रशिक्षण

उज्जैन। वन अपराधों पर नियंत्रण के दौरान वनकर्मियों पर होने वाले हमलों की रोकथाम और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। पुलिस प्रशिक्षण शाला (PTS) उज्जैन में 13 नवंबर 2026 से वनकर्मियों के लिए दो-दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाओं की श्रृंखला प्रारंभ हुई। इसके तहत तीन कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के विशेष निर्देश पर पुलिस और वन विभाग के बीच आपसी समन्वय एवं कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में यह पहल की गई है। विशेष पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण रवि कुमार गुप्ता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षक निरंजन वायंगणकर के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण मनीष अग्रवाल के पर्यवेक्षण में उप वन संरक्षक श्रेयस श्रीवास्तव के समन्वय से विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।

प्रथम बैच का शुभारंभ 13 नवंबर को पुलिस अधीक्षक मनीषा पाठक सोनी एवं उप वन संरक्षक श्रेयस श्रीवास्तव द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान वनकर्मियों को आंतरिक और मैदानी दोनों तरह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आंतरिक प्रशिक्षण में भीड़ नियंत्रण, बलवा जैसी परिस्थितियों में कार्रवाई, विधिक प्रावधान, लोक सेवकों पर हमले से संबंधित कानून तथा निजी प्रतिरक्षा के अधिकार की जानकारी दी जाएगी। वहीं मैदानी प्रशिक्षण में बिना हथियार के आत्मरक्षा, टैक्टिकल मूवमेंट और जंगल में सुरक्षित मूवमेंट के लिए विभिन्न फॉर्मेशन का अभ्यास कराया जाएगा।


उप वन संरक्षक श्रेयस श्रीवास्तव ने कहा कि वनकर्मियों पर हमले और ऐसी घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए इस प्रकार के विशेष प्रशिक्षण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कर्मचारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लौटकर अन्य वनकर्मियों को भी प्रशिक्षित करेंगे, जिससे विभाग की सामूहिक दक्षता और सुरक्षा क्षमता मजबूत होगी। पुलिस अधीक्षक मनीषा पाठक सोनी ने कहा कि पुलिस और वन विभाग दोनों का उद्देश्य अपराधों पर नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करना है। कई परिस्थितियों में दोनों विभागों को मिलकर काम करना पड़ता है। इस प्रशिक्षण से वनकर्मियों को अपराधियों के हमलों से बचाव के साथ विधिक कार्रवाई, भीड़ प्रबंधन, संवाद कौशल, सूचना संकलन और आधुनिक तकनीक के उपयोग की जानकारी मिलेगी।



पुलिस प्रशिक्षण शाला के भ्रमण पर पहुंचे सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी राजेंद्र कुमार ने भी प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रशिक्षण की आवश्यकता और महत्व बताते हुए कहा कि इससे वनकर्मियों की भीड़ प्रबंधन क्षमता बढ़ेगी तथा वन संपदा और स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विदिशा, राजगढ़ और देवास वन मंडलों के कुल 27 वनरक्षक, उपवन क्षेत्रपाल एवं वनपाल शामिल हुए हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य वनकर्मियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुरक्षित रहते हुए प्रभावी और वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम बनाना है।

Comments

Popular posts from this blog

आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गये देवास के मोहनलाल को उम्रकैद !

रामघाट पर बड़ा हादसा टला: शिप्रा में डूब रहे राजस्थान के श्रद्धालु को जवानों ने बचा कर बड़ा हादसा टाल दिया है।

हाईवे पर होता रहा मौत का ख़तरनाक तांडव, दरिंदों ने कार से बांधकर युवक को घसीटा