श्री पंचमुखी धाम में छप्पन भोग एवं अन्नकूट भंडारा संपन्न, बड़ी संख्या में भक्तों ने ग्रहण की प्रसादी
भारत सागर न्यूज/देवास। आगरोद स्थित श्री पंचमुखी धाम में 15 नवंबर रविवार को छप्पन भोग एवं अन्नकूट भंडारे का आयोजन संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सपरिवार शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। धाम में छप्पन भोग एवं अन्नकूट भंडारे का यह लगातार छठवां वर्ष था। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि श्री पंचमुखी हनुमानजी के भक्त अपने-अपने घरों से विभिन्न प्रकार के पकवान एवं प्रसाद बनाकर लाए। सभी प्रसाद का भोग श्री पंचमुखी हनुमानजी को लगाया गया। इसके पश्चात आरती हुई और भक्तों ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर श्री बालाजी धाम रुणीजा के महंत 108 भरत दास महाराज एवं श्री पंचमुखी धाम के महंत 108 कृष्ण गोपाल दास महाराज उपस्थित रहे।
कृष्ण गोपाल दास महाराज ने अपने उद्बोधन में बताया कि लगातार सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत उठाए रखने के दौरान कन्हैया भोजन ग्रहण नहीं कर पाए थे। वर्षा रुकने के बाद सभी ग्वाल-बाल अपने-अपने घरों से कन्हैया के लिए भोजन बनाकर लाए और प्रेमपूर्वक उन्हें भोजन कराया। तभी से छप्पन भोग एवं अन्नकूट की परंपरा चली आ रही है। भंडारे की संपूर्ण भोजन व्यवस्था पंचमुखी धाम से जुड़े देवास नगर के भक्तों की ओर से की गई। इस अवसर पर विशाल शुक्ला, दुर्गेश व्यास, नारायण सिंह चावड़ा, सुरेश पाटीदार, विनीत गुप्ता, विजय नागर सहित अन्य भक्तगण व्यवस्थाओं में जुटे रहे। उक्त जानकारी प्रचार प्रमुख वासुदेव परमार ने दी।


Comments
Post a Comment